January 11, 2026
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
समाचार

विनोद कुमार जायसवाल का इम्तिहान 19 को…क्या स्वजातीय वोटर्स को एकजुट कर पाएगी महासभा की अपील

शिवहरे वाणी नेटवर्क
देवरिया। 
उत्तर प्रदेश का देवरिया लोकसभा क्षेत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहनगर गोरखपुर का पड़ोसी जिला होने के नाते उनके लिए  प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है और बसपा प्रत्याशी विनोद कुमार जायसवाल सबसे बड़ी चुनौती साबित हो रहे हैं। इस ब्राह्मण-वैश्य बहुल सीट पर विनोद कुमार जायसवाल को यदि स्वजातीय मतदाताओं का समर्थन मिल गया, तो उनकी जीत की प्रत्याशी काफी बढ़ सकती है। बीते दिनों अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने विनोद कुमार जायसवाल से मुलाकात की और स्थानीय स्वजातीय बंधुओं से उन्हें जिताने की जोरदार अपील की। अब देखना होगा कि 19 मई को यहां होने वाले चुनाव में महासभा की अपील विनोद कुमार जायसवाल के पक्ष में स्वजातीय मतदाताओं को एकजुट कर पाएगी या नहीं।
बसपा ने पटना के उद्योगपति विनोद कुमार जायसवाल को पहले प्रभारी बनाकर लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी थी। तभी से उनका चुनाव लड़ना तय माना जा रहा था लेकिन विरोधी खेमे में हवा थी कि ऐन वक्त पर पार्टी प्रत्याशी बदल भी सकती है। भाजपा अगर किसी गैर ब्राह्मण को टिकट देती तो बसपा भी जायसवाल के टिकट पर पुनर्विचार कर सकती थी। भाजपा ने यहां रमापति राम त्रिपाठी को टिकट दिया है जो ब्राह्मण हैं। अब जातीय गणित के आधार पर जायसवाल की जीत को लेकर मजबूत दावे किए जा रहे हैं क्योंकि यहां वैश्य मतदाता भी बड़ी संख्या में है, और इनमें भी जायसवाल मतदाता सबसे ज्यादा है। इन्हीं वैश्य मतों की बदौलत 2009 में विनोद कुमार जायसवाल के ससुर गोरख जायसवाल यहां से बसपा के टिकट पर सांसद निर्वाचित हुए थे। उस समय प्रदेश की तत्कालीन बसपा सरकार के प्रभावशाली विधायक और गोरख प्रसाद जायसवाल के पुत्र रामप्रसाद जायसवाल जीवित थे। रामप्रसाद जायसवाल 2007 में बरहज से विधायक चुने गए थे। वह बसपा सुप्रीमो मायावती के काफी नजदीकियों में थे। लेकिन एनएचआरएम घोटाले में उन्हें जेल जाना पड़ा। जेल से आने के बाद से वह अस्वस्थ रहने लगे और उनका निधन हो गया। बसपा ने रामप्रसाद जायसवाल के निधन के बाद उनके पुत्र मुरली मनोहर जायसवाल को बरहज विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया लेकिन मोदी लहर में वह हार गए। वर्ष 2017 में बसपा सुप्रीमो मायावती ने गोरखप्रसाद जायसवाल और मुरली मनोहर जायसवाल को विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया था। 

admin
बीते दिनों अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल स्वजातीय प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने निकला था। इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने देवरिया में विनोद कुमार जायसवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने यहां सुरेंद्र कुमार जायसवाल के आवास पर स्थानीय समाजबंधुओं के साथ एक बैठक की जिसमें सारे गिले शिकवे भुलाकर स्वजातीय प्रत्याशी विनोद कुमार जायसवाल को जिताने का तन मन धन से पूरा सहयोग करने का प्रण लिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप भाई धीरज लाल जायसवाल के नेतृत्व में गए इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष एवं पत्रकार अजय कुमार जायसवाल, राष्ट्रीय महासचिव अशोक जायसवाल, यूपी एवं महाराष्ट्र प्रभारी जायसवाल अटल कुमार गुप्ता ,कार्यकारी अध्यक्ष कपिल जायसवाल कानपुर ,यूपी कोषाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री धर्मेन्द्र राज शिवहरे , जायसवाल नवीन प्रकाश सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे। 
2011 की जनगणना के अनुसार देवरिया जिले की आबादी 31 लाख से ज्यादा है और यह उत्तर प्रदेश का 32वां सबसे घनी आबादी वाला जिला है। यहां पर कुल आबादी 31,00,946 है जो ज्यादातर गांव में रहती है। जाति के आधार पर देखा जाए तो यहां पर सामान्य वर्ग की आबादी 81 फीसदी है तो अनुसूचित जाति की आबादी 15 फीसदी और अनुसूचित जनजाति की महज 4 फीसदी आबादी यहां रहती है। धर्म के आधार पर देखा जाए तो 88.1% लोग हिंदू धर्म से संबंधित हैं तो 11.6% लोग मुस्लिम समाज से आते है। अन्य धर्म के मानने वालों की संख्या महज 0.3% है। देवरिया संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत 5 विधानसभा क्षेत्र आते हैं जिसमें देवरिया, तमकुही राज, फाजिलनगर, पथरदेवा और रामपुर कारखाना शामिल है। 
 

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field
Choose Image
Choose Video