January 11, 2026
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
समाचार

इसी तरह एक होकर उठेंगे..लड़ेंगे और जीतेंगे…विष्णु पुराण प्रकरण पर ऑनलाइन आभार सभा

शिवहरे वाणी नेटवर्क
भोपाल।
हमें भगवान सहस्त्रबाहु का वंशज होने पर गर्व है। जब-जब हमारे समाज पर कोई संकट आएगा, तब-तब संपूर्ण समाज सहस्त्रबाहु की सहस्त्र भुजाओं की भांति एकसाथ उठेगा. संघर्ष करेगा और जीतेगा। यह कहना है कि अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अशोक जायसवाल का। वह दूरदर्शन पर टीवी सीरियल विष्णु पुराण का प्रसारण रोके जाने के बाद रविवार को आयोजित ऑनलाइन आभार सभा को संबोधित कर रहे थे।  
जूम एप पर आयोजित इस ऑनलाइन आभार सभा में देशभर से 150 से अधिक प्रतिष्ठित समाजबंधुओं ने भागीदारी की और इस मुद्दे पर संघर्ष कर रहे समाज के संगठनों, समितियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का अपने-अपने शब्दों में आभार व्यक्त किया। खास बात यह है कि पहली बार इतने बड़े पैमाने पर समाज की ऑनलाइन सभा का सफल आयोजन किया गया है। सभा की अध्यक्षता कर रहे श्री अशोक जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस मुद्दे पर समाज ने जिस प्रकार एकजुटता दर्शायी है, वह समाज के बेहतर भविष्य का संकेत है।  बता दें कि टीवी सीरीयल विष्णु पुराण के एपीसोड 47 से लेकर 63 तक में कलचुरी समाज के आराध्य भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के चरित्र को गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने के चलते उसके प्रसारण पर रोक लगाने के लिए संपूर्ण समाज संघर्षशील था जिसके बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के आदेश पर एक जुलाई से इसका प्रसारण बंद कर दिया गया है। 
सभा में विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, स्वजातीय केंद्रीय मंत्री श्रीपद यसो नाइक, लोकसभा की डिप्टी स्पीकर श्रीमती रमा देवी, यूपी के विधायक रविंद्र जायसवाल, श्रीमती अनुपमा जायसवाल, मध्य प्रदेश के विधायक दिनेश राय मुनमुन का विशेष आभार व्यक्त किया गया।  मध्य प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजाराम शिवहरे ने बैठक में  starplus चैनल पर प्रसारित हो रहे महाभारत (नया सीरियल) का उल्लेख करते हुए कहा कि इस सीरियल में भी भगवान सहस्त्रबाहु को लेकर मनगढ़ंत और अपमानजनक प्रसंग डाले गए हैं। अपने आराध्य का यह अपमान हमें बर्दाश्त नहीं होगा, समाज को अब इसके खिलाफ भी एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। इस पर सभी ने सहमति जताई। 
आभार सभा करीब तीन घंटे तक निर्बाध चली और सभी को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया गया। चर्चा के दौरान इस मुद्दे पर समाज के संघर्ष की पूरी क्रोनोलॉजी भी सामने आ गई जिसे लेकर लोगों में तमाम भ्रांतियां थीं। उत्तर प्रदेश जायसवाल सर्ववर्गीय महिला महासभा की कार्यकारी अध्यक्ष प्रीती जायसवाल के तकनीकी निर्देशन में हुई इस ऑनलाइन सभा का कुशल संचालन महासभा के राष्ट्रीय महासचिव अटल कुमार जायसवाल ने किया। 
सभा में वरिष्ठ पत्रकार एवं सर्ववर्गीय महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष अजय जायसवाल (लखनऊ), अखिल भारतीय समवर्गीय महासभा के अध्यश्रक्ष शिवा सुब्रहमण्यम (मदुरै), वयोवृद्ध समाजसेवी वेद कुमार जायसवाल, मध्य प्रदेश के विधायक दिनेश राय मुनमुन, यूपी की विधायक अनुपमा जायसवाल, दिल्ली-एनसीआर अध्यक्ष शैलेंद्र जायसवाल एडवोकेट, रेखा जायसवाल (लखनऊ), सुभाष जायसवाल, ईश्वरचंद्र साव (मुंबई), शंकरलाल राय (भोपाल), सरोज जायसवाल (बिहार), रवि जायसवाल (पटना), पंकज कर्णवाल (हरिद्वार), दीनानाथ राय (झांसी), भरतलाल जायसवाल (इंदौर), रामानुज (जोरहाट असम), कृष्णा जायसवाल (कोलकाता), भरत भाई बरोड़ा (गुजरात), जयेश जायसवाल (गुजरात) आदि समेत देशभर से 150 से अधिक प्रतिष्ठित समाजबंधुओं ने भागीदारी की।
 

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field
Choose Image
Choose Video